महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । जनपद के नए जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिले के पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि उन्होंने कल देर शाम अयोध्या के जिलाधिकारी के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले, वह चंदौली के जिलाधिकारी और विभिन्न अन्य महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जिलाधिकारी फुंडे ने अयोध्या जैसे पवित्र स्थान की सेवा करने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अयोध्या को एक विश्व स्तरीय पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने के लिए शासन और प्रशासन लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस दिशा में जिले में कई परियोजनाएं और योजनाएं चल रही हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही, वर्तमान में चल रही सभी योजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। जिलाधिकारी ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं व शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि सभी विभागीय अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करने और समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने आगे जानकारी दी कि जिले में चल रही विभिन्न परियोजनाओं का वह स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठकें कर उन्हें शासन की मंशा के अनुरूप क्रियान्वित कराएंगे। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न शिकायत पोर्टलों की उपलब्धता बताते हुए उन्होंने कहा कि इन पोर्टलों पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिरुद्ध प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सलिल कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 महेंद्र कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अशोक कुमार, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी, विशेष कार्याधिकारी राम अचल व कौशल श्रीवास्तव, सूचना विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।