बस्ती। सोशल मीडिया ट्वीटर पर भारत रत्न बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर पर अभद्र टिप्पणी करने, जातिगत टिप्पणी करने के मामले में पैकोलिया थाना क्षेत्र के जीतीपुर निवासी अनिल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पैकोलिया पुलिस को दी गई तहरीर में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पतिला निवासी आरके आरतियन उर्फ रामू ने बताया है कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को आंतकवादी, खूनी, अपराधी, भ्रष्टाचारी आदि लिखकर गाली दी। सोशल मीडिया पर जाति सूचक उल्लेख कर विशेष वर्ग को गाली और धमकी दिया। आरोपी के इस कृत्य से बाबा साहब के मानने वालों के साथ ही दो समुदायों के बीच आपसी बैमनस्यता बढाने का काम किया गया। इससे सामाजिक भावना आहत हुई। मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस, एससीएसटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।