पुलिस लाइन में बंटा प्रयागराज के संगम का अमृत जल

अमृतजल पाने के लिए श्रद्धालुओं की लगी रही भीड़
पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने किया किया वितरण
बस्ती: डेढ़ महीने तक चले महाकुंभ में ड्यूटी समेत अन्य कई कारणों से जो लोग संगम में अमृत स्नान करने नहीं पहुंच सके उनके लिए फायर ब्रिगेड और पुलिस अफसरों ने अमृत जल का बंदोबस्त किया है। विभाग की ओर से अनूठी पहल करते हुए फायर टैंक में संगम से जल भरकर बुधवार को पुलिस लाइन में लाया गया। पुलिस कर्मियों और उनके परिवार के साथ ही आम नागरिकों के बीच इसे वितरित किया गया। प्रयागराज संगम से आया पवित्र जल लेने के लिए पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों और जनपद के नागरिकों की भीड़ जुटी रही। इस दौरान सिर्फ पुलिस कर्मी ही नहीं, अफसर भी पहुंचे।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी को सजाकर अमृतजल सुबह दस बजे पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अमृत जल का पूजन किया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने गंगाजल लेकर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों का स्वागत किया। प्रतिसार निरीक्षक संदीप राय व फायर स्टेशन इंचार्ज कंहैयालाल यादव ने अपने हाथों से अमृतजल वितरण का शुभारंभ किया। इसे पाने के लिए पुलिस कर्मी और अफसरों का परिवार भी पहुंचा। पुलिस कर्मियों ने बताया कि ड्यूटी के चलते वह महाकुंभ में स्नान करने प्रयागराज नहीं जा सके थे। सरकार और पुलिस अफसरों की पहल पर उन्हें संगम का पवित्र जल बस्ती जनपद में मिला तो बहुत प्रसन्न हुए। इसके साथ ही सैकड़ों की संख्या में आम नागरिक भी पहुंचे। सभी अमृत जल पाकर बहुत प्रसन्न दिखे। हर किसी ने सरकार, पुलिस अफसर और फायर ब्रिगेड की इस पहल को जमकर सराहा। दोपहर में पुलिस लाइन में अमृतजल लेने वालों की भीड़ लगी रही।