श्रृंगवेरपुरधाम में अंतर्राष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव का शुभारंभ, संत-विद्वानों का समागम

प्रयागराज,लखनऊ। उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, अंतर्राष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान, अयोध्या और रामायण मेला आयोजन समिति, श्रृंगवेरपुरधाम के संयुक्त तत्वावधान मेंआज अंतर्राष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव की श्रृंखला का प्रथम आयोजन श्रृंगवेरपुरधाम, प्रयागराज में होने जा रहा है। यह आयोजन श्रीलंका, नेपाल और देश के छह राज्यों सहित राम वन-गमन पथ के 10 प्रमुख स्थलों पर किया जा रहा है, जिसमें युवाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।श्रृंगवेरपुरधाम के पर्यटन सुविधा केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रयागराज के विधायक गुरु प्रसाद मौर्य करेंगे, जबकि फूलपुर, प्रयागराज के सांसद प्रवीण पटेल मुख्य अतिथि होंगे।कॉन्क्लेव में संत-विद्वत समागम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हनुमान गढ़ी रामचौरा घाट, श्रृंगवेरपुरधाम के महंत स्वामी कमल दास जी महाराज, गऊघाट, श्रृंगवेरपुरधाम के स्वामी जयराम दास जी महाराज, राष्ट्रीय रामायण मेला, श्रृंगवेरपुरधाम के अध्यक्ष डॉ. बालकृष्ण पाण्डेय और समाजसेवी विवेक तिवारी सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम में रामायण-वेद गान, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, प्रदर्शनी, काव्यार्चन, प्रवचन और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।भक्ति-भावना को प्रबल करने के लिए गाजीपुर के श्री मनोहर सिंह और उनका दल भक्ति-भजनों की प्रस्तुति देंगे। श्रीमती कुमकुम आदर्श और उनकी टीम शिव-शक्ति नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेगी। निधि तिवारी की टीम भी नृत्य नाटिका का मंचन करेगी, वहीं महंत लाल अपने दल के साथ ढोलताशा वादन की प्रस्तुति देंगे।युवा पीढ़ी और समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय हायर सेकेंडरी स्कूल, डिग्री कॉलेज, विश्वविद्यालयों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों को भी इस आयोजन में शामिल किया जाएगा।श्रृंगवेरपुरधाम से शुरू होने वाली यह धार्मिक यात्रा 1 और 2 मार्च को चित्रकूट, 7 और 8 मार्च को नागपुर के रामटेक, 18 मार्च को हम्पी (कर्नाटक), 21 और 22 मार्च को रामेश्वरम, 26 मार्च को श्रीलंका पहुंचेगी और 29 मार्च को जम्मू में इसका समापन होगा।प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव संतों और विद्वानों के समागम का एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो युवा पीढ़ी को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगा।