प्रदेश स्तर पर किसान रजिस्ट्री में बस्ती जनपद 57 वें स्थान पर
खतौनी में किसानों के नाम को लेकर आ रही है गड़बडी
5.20 लाख में अभी 1.91 लाख किसानो की हुई रजिस्ट्री
बस्ती(आरएनएस ): तकनीकी गड़बड़ी की वजह से भी किसान फार्मर रजिस्ट्री नहीं करा पा रहे हैं। जिन किसानों के आधार व खतौनी में नाम में जरा सा अंतर है या जिनका छह माह के अंदर वरासत हुआ है, उनकी भी फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। इस वजह से बड़ी संख्या में किसान फार्मर रजिस्ट्री कराने से वंचित हो रहे हैं। विभागीय अधिकारी जल्द सुधार का आश्वासन दे रहे हैं। जनपद में 520396 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य मिला है। अभी तक 191527 किसानों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। यह लक्ष्य का 36.80 प्रतिशत है। कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारी किसानों से जल्द फार्मर रजिस्ट्री कराने का अनुरोध कर रहे हैं।फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने वाले किसानों की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्तें नहीं मिलेंगी। 31 मार्च तक अधिक से अधिक किसानों से रजिस्ट्रेशन करा लेने की अपील की जा रही है। ताकि सम्मान निधि की 19 वीं किस्त मिल सके। ऐसे किसान जिनका छह माह के अंदर वरासत हुआ है, उनकी फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। ऐसे किसानों का नाम खतौनी में तो दर्ज हो गया है, मगर फार्मर रजिस्ट्री की वेबसाइट पर नहीं दिख रहे हैं। ऐसे में ये किसान चाहकर भी फार्मर रजिस्ट्री नहीं करा पा रहे हैं। प्रदेश स्तर पर बस्ती 57 वें स्थान पर है।