बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 11 वर्षीय बालिका के साथ छेड़खानी करने, शोर मचाने पर मारने पीटने के मामले में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है िकवह अपनी 11 वर्षीय बेटी के साथ गन्ने की पत्ती लेकर खेत से लौट रहा था। उसकी बेटी आगे चल रही थी और वह कुछ पीछे आ रहा था। जिसके साथ बघौड़ी गांव निवासी प्रदीप व प्रिस ने छेड़खानी की, उसकी बेटी ने शोर मचाया, इस बीच वह भी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद दोनो आरोपी गाली और जानमाल की धमकी देते हुए उसे और उसकी बेटी को मारने लगे। उसका होठ दांत से काटकर कर घायल कर दिया। मारपीट के दौरान उसे और उसकी बेटी को चोटें आई। उनके द्वारा शोर मचाने पर गांव के लोग इक्ट्ठा हो गए तो आरोपी अपनी मोटर साईकिल छोड़कर भाग निकले। मामले में तहरीर के आधार पर दोनो आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, पाक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।