योगी आदित्यनाथ प्रयागराज पहुंचे और हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद वह सीधे संगम नोज पहुंचे, जहां मौनी अमावस्या को अमृत स्नान पर्व के दौरान दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी थी। मुख्यमंत्री ने यहां महाकुम्भ मेला से जुड़े अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली और श्रद्धालुओं के साथ भी संवाद किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने एक स्वर में महाकुम्भ के लिए योगी सरकार द्वारा की गईं व्यवस्थाओं और सुविधाओं की सराहना की।
प्रयागराज पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले संगम नोज पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने घटनास्थल देखा, जहां मौनी अमावस्या के अमृत स्नान पर्व पर भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हुई थी। उन्होंने मेलाधिकारी विजय किरण आनंद और डीआईजी वैभव कृष्ण से पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। मेलाधिकारी ने उन्हें बताया कि घटना के वक्त क्या हुआ था और किस तरह से तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री ने आगामी बसंत पंचमी अमृत स्नान को लेकर यहां की जा रही व्यवस्थाओं को भी देखा और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।