मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रयागराज दौरे पर शनिवार को सेक्टर 22 में दो पूज्य संतों के पट्टाभिषेक के लिए आयोजित धर्म सभा कार्यक्रम में भी पहुंचे, जहां उन्होंने संतो का आशीर्वाद लिया और नव मनोनीत जगद्गुरुओं को बधाई दी। महा कुम्भ के सेक्टर 22 में संतोष दास सतुआ बाबा और स्वामी राम कमला चार्य का पट्टाभिषेक किया गया। तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी राम भद्राचार्य ने दोनो संतो को जगद्गुरु के पद के लिए नामांकित किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने सनातन धर्म के अभियान को आगे बढ़ाने वाले दोनों संतों का अभिनन्दन किया और बधाई दी। धर्म सभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी सनातन धर्म के स्तंभ है। विपरीत परिस्थितियों में धैर्य से चुनौतियों का सामना करते हुए अपने इस अभियान को आगे बढ़ाना है। क्योंकि सनातन धर्म ही मानव धर्म है। सनातन रहेगा तो मानव धर्म रहेगा,मानवता रहेगी, श्रृष्टि रहेगी। सीएम ने कहा कि उन पूज्य संतों का अभिनन्दन करूंगा, जिन्होंने मौनी अमावस्या के अवसर पर पूरे धैर्य का सामना किया। कुछ पुण्यात्मा हादसे का शिकार हुईं, लेकिन उन पस्थितियों में हमारे संत एक अभिभावक के रूप में नजर आए। जैसे परिवार के ऊपर एक विपत्ति आती है तो परिवार का अभिभावक भयभीत नहीं होता, उसी तरह हिम्मत के साथ खड़े होते हुए इस चुनौती का सामना करते हुए उन्होंने इससे उबारने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री बोले, आपने देखा होगा जो सनातन धर्म के विरोधी हैं वो प्रयास कर रहे थे कि संतो का धैर्य जवाब दे जाए और उसके बाद जग हंसाई कराई जाए, लेकिन अभिनन्दन करूंगा पूज्य संतों का जिन्होंने उन परिस्थितियों में उस आयोजन को अपना आयोजन मानकर पूरे धैर्य के साथ परिस्थितियों का सामना करते हुए पुण्यात्माओं के प्रति श्रद्धांजलि भी दी और मां गंगा के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए इस आयोजन को सकुशल आगे बढ़ाया। इसी प्रेरणा से पिछले 19 दिनों के अंदर 32 करोड़ से अधिक श्रद्धाल डुबकी लगाकर पुण्य के भागीदार बने हैं। सीएम ने कहा कि कुछ लोग गुमराह करके सनातन धर्म के हर एक मुद्दे पर षड्यंत्र करने से बाज नहीं आते हैं। राम जन्मभूमि से लेकर आज तक, उनका व्यवहार और चरित्र जग जाहिर है। ऐसे लोगों से सावधान होकर सनातन धर्म के आदर्शों और मूल्यों के साथ इन पूज्य संतों के सानिध्य में हमे निरंतर आगे बढ़ना होगा। जब तक पूज्य संतों का सम्मान है सनातन धर्म का कोई बाल बांका नहीं कर सकता।