शातिर टप्पेबाज गिरफ्तार, बाइक की डिग्गी से चोरी 55 हजार रूपया बरामद

 

बस्ती। मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के खडौहा उर्फ छविलहा निवासी राम कृपाल की बाइक की डिग्गी से 55 हजार रूपए उड़ा देने वाले शातिर टप्पेबाज को 36 घंटे के भीतर लालगंज पुलिस, स्वाट टीम ने गिरफ्तार कर लिया, उसके पास से डिग्गी से चोरी गए रूपयों की बरामदगी की गई।
खडौहा उर्फ छविलहा निवासी राम कृपाल की बाइक की डिग्गी में रखे 55 हजार रूपए 23 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे पाकरडाड़ स्टेट बैंक के बगल से चोरी चले गए थे। वे अपनी बाइक खड़ी कर किसी काम से चले गए। इसी बीच उनकी बाइक की डिग्गी खोलकर टप्पेबाज ने उसमें रखे रूपयों पर हाथ साफ कर दिया। डिग्गी से रूपए गायब देख उनके द्वारा इसकी सूचना लालगंज पुलिस को दी गई। मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन करने में जुट गई। घटना के 36 घंटे के भीतर लालगंज पुलिस, स्वाट टीम ने संयुक्त कार्यवाही में डिग्गी से रूपया उड़ाने वाले शातिर टप्पेबाज को महादेवा -कुदरहा मार्ग पर गौराधुन्धा नहर पुलिया से गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि टप्पेबाज की पहचान अम्बेडकरनगर जिले के राजे सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के खरुवईया निवासी रणधीर यादव के रूप् में हुई। उसके पास से टप्पेबाजी किये गए 55 हजार रूपए, बिना सिम कार्ड का एक मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटर साईकिल बरामद की गई। पकड़े गए शातिर के खिलाफ अयोध्या, बस्ती, मऊ, संतकबीरनगर, अम्बेडकरनगर जनपद के विभिन्न थानों में 12 आपराधिक मुकदमें दर्ज है। गिरफ्तारी और रूपया बरामदगी कर आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उसे न्यायालय रवाना किया गया।