प्रयागराज। प्रयागराज के महाकुंभ में आयोजकों की विशिष्ट व्यवस्था और समर्पण की सराहना करते हुए सुधांशु जी महाराज ने इस आयोजन को उत्कृष्ट बताते हुए कहा है कि महाकुंभ एक दुर्लभ खगोलीय घटना है जो आत्म जागृति और मोक्ष प्राप्ति का अनुपम अवसर प्रदान करती है। मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने महाकुंभ के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के अतुलनीय प्रयास किए हैं।
सुधांशु जी ने कहा कि महाकुंभ मेला केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं बल्कि यह धार्मिक और सामाजिक संवेदनाओं का मेला है जिसमें दुनिया भर से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और महाकुंभ की इस दिव्यता का आभास कर रहे हैं। महाकुंभ हज़ारों वर्षों से भारत की सनातन परंपराओं और विश्वास की अद्वितीय शक्ति को दर्शाता हुआ एक प्रतीक रहा है।
प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु सुधांशु जी महाराज द्वारा महाकुंभ मेला 2025 के दौरान प्रयागराज में एक विशेष आध्यात्मिक शिवर का आयोजन किया गया है। यह शिविर 21 जनवरी से 23 जनवरी 2025 और 4 फरवरी से 7 फरवरी 2025 तक प्लॉट नंबर 46 सेक्टर 6 नाग वासुकी रोड प्रयागराज में आयोजित किया गया है। यह शिविर उन सभी श्रद्धालुओं और भक्तों के लिए खुला है जो प्रयागराज के इस महाकुंभ को आध्यात्मिक यात्रा में बदलना चाहते हैं और अपने जीवन को पावन और आनंदमय बनाना चाहते हैं।
प्रयागराज के इस आध्यात्मिक शिविर का आयोजन सुधांशु जी महाराज और डॉक्टर अर्चिका दीदी के मार्गदर्शन में किया गया है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महाकुंभ में आए भक्तों को आत्म शुद्धि से जोड़ना है। शिविर में आने वाले सभी श्रद्धालु महाकुंभ के संगम स्नान के साथ-साथ अनेक आध्यात्मिक गतिविधियों में भी भाग ले सकते हैं।