बस्ती: आपराधिक घटना में मौका-ए-वारदात पर मिले साक्ष्य अहम होते हैं। किसी भी वारदात के बाद क्राइम सीन से मिले महत्वपूर्ण तथ्यों को ई-साक्ष्य एप के जरिए सुरक्षित रखा जा सकेगा। इस एप को इस्तेमाल करने का तरीका जनपद के सभी विवेचकों व पुलिस को सिखाया जाएगा। मौके पर मिले अहम साक्ष्यों को पेन ड्राइव, सीडी, डीवीडी के माध्यम से पुलिस को कोर्ट में पेश करना होता था। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) लागू होने के बाद गिरफ्तारी, छापेमारी, तलाशी और सीज की कार्रवाई में वीडियोग्राफी अनिवार्य है। इन साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस की ओर ई-साक्ष्य एप का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से किया जाना है। विवेचना करने वाले निरीक्षक और उपनिरीक्षक को ई-साक्ष्य एप में साक्ष्य सुरक्षित करने का प्रशिक्षण दिया जाना है। अपराध होने पर घटनास्थल की फोटो और वीडियोग्राफी की जाती है। तलाशी और सीजर की कार्रवाई के दौरान की वीडियोग्राफी को साक्ष्य में शामिल किया जाता है। सभी लिखापढ़ी के दस्तावेज तैयार होते हैं। इन साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए ई-साक्ष्य एप पर काम किया जा रहा है।