पुलिस ने रात्रि गश्त बढाया

बस्ती: अचानक कड़ाके की बढ़ी सर्दी में आमजन की सुरक्षा के लिए जनपद पुलिस सक्रिय हो गई है। रात्रि गश्त को मुस्तैद कर दिया गया है। शाम ढलते ही शहर में पुलिस पेट्रोलिग कर असामाजिक तत्वों पर नजर रख रही है। बीते दिनों अपराध बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि सर्दी के मौसम में चोरी की घटनाएं बढ़ती हैं। अराजक तत्व सक्रिय होकर घटनाओं को अंजाम देते हैं। ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी बनती है कि आमजन की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहे। बुधवार को देर शाम सीओ सिटी सत्येन्द्र भूषण तिवारी अयोध्या फोर लेन पर टाेल प्लाजा बड़ेवन तक पुलिस गश्त के साथ शहर कोतवाल राना डीपी सिंह के सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लिया। सीओ ने कहा कि शाम से ही पुलिस सक्रिय हो जाती है। संदिग्ध दिखाई देने वाले व्यक्ति से पूछताछ कर उनके पहचान पत्र को चेक किया जा रहा है।