उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 18.85 लाख नए मतदाता जोड़े गए

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्राप्त दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद मंगलवार को प्रदेश के समस्त मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। यह प्रक्रिया 29 अक्टूबर, 2024 से 28 नवम्बर, 2024 तक हुई। साथ ही उप निर्वाचन-2024 से आच्छादित 09 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों (जैसे 16-मीरापुर, 29-कुंदरकी, 56-गाजियाबाद, आदि) के लिए विशेष पुनरीक्षण अभियान भी चलाया गया था।मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि पुनरीक्षण के बाद प्रदेश में कुल 1,62,462 मतदेय स्थल हैं, और वर्तमान में प्रदेश के कुल मतदाताओं की संख्या 15,35,37,430 हो गई है। इसमें 18,85,446 नए मतदाता शामिल हुए, जबकि 8,61,147 मतदाता विलोपित किए गए। पुनरीक्षण के दौरान 18-19 आयु वर्ग के 4.84 लाख नाम जोड़े गए, जो कुल वृद्धि का 25.68 प्रतिशत हैं।उन्होंने बताया कि इस पुनरीक्षण के तहत 3.52 लाख संशोधन कार्य किए गए, जिसमें 3.07 लाख मृतक, 3.96 लाख शिफ्टेड और 1.48 लाख रिपीटेड श्रेणी के मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए। दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष प्रयास किए गए, और वर्तमान में कुल 12.83 लाख दिव्यांग मतदाता चिन्हित किए गए हैं।साथ ही, मतदाता सूची में प्रविष्टियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और मतदाताओं को अपनी जानकारी अपडेट करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत डिजीटल/सोशल मीडिया, रेडियो चैनल्स, आकाशवाणी और प्रिंट मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंट्स का धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से यह कार्य संभव हो सका। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी अप्रैल, जुलाई और अक्टूबर में अर्ह होने वाले मतदाता अपने नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फार्म-6 भर सकते हैं।