प्रयागराज। महाकुंभ के नाम पर साइबर ठगों का गैंग भी ऑनलाइन ठगी करने लगा है। महाकुंभ में कॉटेज, टेन्ट, होटल, टेंट सिटी, लॉज, फ्लैट्स आदि की बुकिंग के नाम पर लाखों की ठगी की जा रही है। कई मामले सामने आने के बाद प्रयागराज पुलिस ने चार साइबर ठगों को अरेस्ट किया है। यह गैंग फर्जी वेबसाइट बनाकर साइबर ठगी कर रहा था। पकड़े गए साइबर ठगों के पास से 3 लैपटॉप, 6 एंड्रॉयड, एपल मोबाइल फोन और 6 एटीएम कार्ड बरामद किया है। पकड़े गए साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन ठगी की बात कबूल की है। पकड़े गए बदमाश नालंदा, वाराणसी, आजमगढ़ आदि के रहने वाले हैं।
डीसीपी सिटी अभिषेक भारती ने बताया कि यह शातिर सोशल मीडिया प्लेटफार्म का इस्तेमाल कर ठगी कर रहे थे। महाकुंभ के लिए प्रयागराज में करोड़ों लोगों का आना है, ऐसे में अभी से बुकिंग शुरू हो गई है। इसी का फायदा यह गिरोह उठा रहा था। महाकुम्भ में कॉटेज, टेन्ट, होटल आदि की बुकिंग के लिए फर्जी वेबसाइट बनाकर उन पर डिस्काउंट दिखाकर यात्रियों को गुमराह करते थे। फिर ऑनलाइन साइबर ठगी करते थे।
डीसीसी के मुताबिक अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि सुनियोजित ढंग से तीर्थयात्रियों को सस्ते में बुकिंग का लालच देकर ठगी कर रहे थे। होटलों की वेबसाइट हुबहू तैयार करते। लोगों को लिंक भेजते ताकि वह झांसे में आ जाएं। महाकुंभ से मिलते जुलते नामों से फर्जी व डुप्लीकेट वेबसाइट बनाते हैं तथा उनके माध्यम से तीर्थयात्रियों एवं श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रकार के आकर्षक प्रलोभन जैसे- ठहरने की उत्तम व्यवस्था, वीआईपी स्नान एवं दर्शन आदि देकर उनसे साइबर ठगी कर रहे थे।
पकड़े गए आरोपियों में पंकज कुमार पुत्र कुंवर प्रसाद निवासी चोरसुआ थाना गिरियक जनपद नालंदा बिहार, यश चौबे पुत्र आलोक कुमार चौबे निवासी ग्राम मुरीदपुर पोस्ट चौबेपुर थाना चौबेपुर जनपद वाराणसी, अंकित कुमार गुप्ता पुत्र आनंद कुमार गुप्ता निवासी छीतमपुर कादीपुर थाना चौबेपुर जनपद वाराणसी और अमन कुमार पुत्र शिव सहाय निवासी लसड़ा खुर्द, ठेकमा, थाना बर्दा जनपद आजमगढ़ शामिल है।