बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सेठा गांव निवासी मां, बेटी की कमरे में संदिग्ध अवस्था में जलकर मौत हो गई। परिजनों ने जमीन विवाद के चलते उनकी जलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मां, बेटी की कमरे में आग की लपटों में झुलसकर मृत पाए जाने की घटना से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी, सीओ कलवारी, एसडीएम हर्रैया, बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंची। मौत के कारणों के बारे में जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सेठा गांव निवासी गोदावरी देवी (55)पत्नी अवधेश उपाध्याय, बेटी सौम्या (25) के घर के कमरे सेे धुआं निकलता देख इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर कप्तानगंज पुलिस, अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची। दोनों को झुलसी अवस्था में मृत पाया। सूचना बाद मौके पर एसपी सहित अन्य पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के बारे में जानकारी ली। मृतका की बड़ी बेटी सौम्या ने परिवार के ही कुछ लोगों और पड़ोसी पर अपनी मां और बहन को जमीनी विवाद के चलते जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने कहा कि
झुलसी अवस्था में कमरे में दो शव मिले है, जो मां, बेटी के बताए जा रहे है। मामले की जांच में जो भी दोषी मिलेंगे उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी । फिलहाल घटना को पारिवारिक विवाद से जोड़ कर देखा जा रहा है। पुलिस ने दोनो शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।