बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित प्रधान डाकघर पर आधार बनवाने के विवाद को लेकर डाक विभाग कर्मी को मारने पीटने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और धमकी देने के मामले में दो नामजद, दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्रधान डाक घर के पोस्टमास्टर रमेश चन्द्र ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि डाक विभाग कर्मी पंकज वर्मा द्वारा आधार कार्ड बनाते समय चार लोग आधार केन्द्र के अंदर घुस आए, उससे आधार बनाने के लिए कहा। जब पंकज वर्मा ने यह कहा कि जिनका आधार फार्म जमा है, आज उनका बन रहा है, कल आइए। इस बात को लेकर कोतवाली क्षेत्र के रगड़गंज निवासी मो. एजाज, सोनहा थाना क्षेत्र के परसोहिया निवासी शिवम मिश्रा व दो अन्य अज्ञात ने मिलकर उसे मारा पीटा, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाया और धमकी दी। लोगों के इक्ट्ठा हो जाने पर बाइक पर बैठकर चले गए। मामले में तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।