बस्ती। मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छह वर्षीय बालिका के साथ गांव के ही एक युवक द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बालिका के साथ हुई दरिन्दगी के मामले में पीड़ित बालिका की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि वह अपने एक बच्चे की दवा लेने डाक्टर के पास गई थी। घर पर परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था, केवल उसकी छह साल की बेटी अकेली घर पर मौजूद थी। इस बीच पड़ोस में रहने वाला 22 वर्षीय विकास यादव शनिवार शाम करीब 4 बजे उसके घर में घुस गया। उसकी बेटी को अकेली पाकर उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। बताया कि दवा लेकर वह वापस लौटी तो बेटी बदहवास हालत में मिली, उसे देखकर रोने लगी। बेटी की हालत देखकर वह उसे डाक्टर के पास ले गई। बेटी से उसकी आपबीती सुनकर वह सन्न रह गई। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पाक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।