लखनऊ में 5 एकड़ में बनेगा भारत का दूसरा व उत्तर भारत का पहला सेन्ट्रल मिलिंग टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन की 61 वी वार्षिक साधारण सभा का आयोजन आज लखनऊ के ताज होटल में किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना व विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह मौजूद रहे, बैठक में पूरे उत्तर प्रदेश के लगभग 200 से ज्यादा रोलर फ्लोर मिल के उद्यमियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश की सरकार हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उद्यमियों के विकास व उद्योग जगत के निरंतर बेहतरी के लिए कार्य कर रही, जिसका परिणाम अब हमें जमीन पर स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। आज अपने उत्तर प्रदेश में नित नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही है, जिससे न केवल अपना उत्तर प्रदेश विकास के मार्ग पर तीव्र गति से बढ़ रहा है। अपितु किसानों को उनकी ऊपज का उचित मूल्य भी प्राप्त हो रहा है साथ ही रोजगार के अनेक नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। वो दिन दूर नहीं जब हमारा उत्तर प्रदेश देश में एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनामी वाला प्रथम प्रदेश बनेगा।
विशिष्ट अतिथि प्रमुख सचिव मनोज सिंह ने कहा आज सरकार की मंशा प्रदेश में स्थापित उद्योगों के सफल संचालन व नए उद्योगों को स्थापित करने में आने वाली समस्त बाधाओं को सहज रूप में दूर कर एक अच्छा औद्योगिक माहौल विकसित करना है जिससे न केवल उत्तर प्रदेश के उद्यमी अपितु अन्य राज्यों के उद्यमी भी अपनी औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए उत्साहित हैं। आज के दौर में किसी भी उद्योग में अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी का महत्व बढ़ गया है साथ ही प्रशिक्षित कामगारों की मांग दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है इन्हीं जरूरतों को पूरा करने के लिए हमारी उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 5 एकड़ जमीन उत्तर प्रदेश रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन को देने का निर्णय लिया है जिसमें देश का दूसरा व उत्तर भारत का पहला सेन्ट्रल मिलिंग टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट संस्था द्वारा स्थापित किया जाएगा जहां अत्याधुनिक टेक्रोलॉजी के प्रयोग से उन्नत उत्पाद तैयार करने हेतु विश्वस्तरीय साज सज्जा वाला एक इंस्टीट्यूट स्थापित होगा जिसमें से ऐसे प्रशिक्षित कामगार तैयार होंगे जिनकी मांग न केवल भारत में बल्कि यूरोपीय देशों के साथ ही मध्य पूर्व देशों में भी रहेगा। यह संस्था आने वाले समय में मिलिंग उद्योग जगत में एक मिल का पत्थर साबित होगा।