बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के गिधार गांव के पास भैंस की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका पति घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गोण्डा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर निवासी विक्की सिंह अपनी पत्नी ज्योति को बाइक पर बैठाकर किसी कार्य से रूधौली आ रहे थे। अभी वे गिधार गांव के पास पहुंचे थे कि अचानक एक भैस सामने आ गई, भैस के टकराने से बाइक सवार पति, पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप् से घायल हो गए। इलाज के लिए आस पास के लोगो की मदद से दोनो को सीएचसी रूधौली लाया गया, जहां परीक्षण उपरांत डाक्टर ने ज्योति सिंह को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रभारी निरीक्षक रुधौली चंदन कुमार ने बताया कि गिधार गांव के पास बाइक और भैंस की टक्कर होने की सूचना बाद मौके पर पुलिस बल ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे में मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।