इंटर की छात्रा का फंदे से लटकता मिला शव

 

बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के दयालपुर में 19 वर्षीय इंटर की एक छात्रा का छत मे लगे पंखे की कुंडी से रस्सी के सहारे फंदे से लटकता शव मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव को नीचे उतार दिया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पंचनामा बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगर थाना क्षेत्र के ग्राम दयालपुर निवासी 19 वर्षीय शालू पुत्री रामभजन इंटर की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार वे काम से बाहर गए थे, वह घर पर अकेली थी। कुछ देर बाद जब वे घर पहुँचे तो उसे पंखे की कुंडी के सहारे रस्सी से लटकता पाया। जिन्दा होने की आस मे उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने शव को घर पर ही तख्ते पर रख दिया। मृतका के पिता घर पर नहीं थे, सूचना पाकर वे घर पहुँचे और इसकी सूचना नगर पुलिस को दी। मौके पर पहुँचे थाना प्रभारी ने परिजनों से पूछताछ कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजन उसके आत्महत्या करने की बात कह रहे है, लेकिन उसने आत्महत्या क्यों की, अभी इस बारे मे कुछ पता नही चल पाया है। नगर थाना प्रभारी नगर देवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की असली वजह पता चल पाएगी।