बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कौड़ीकोल बुजुर्ग निवासी 42 वर्षीय एक महिला ने दो लोगों पर हत्या करने की नीयत से अपहरण करने, गला दबाकर हत्या करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। मामले में कोर्ट के आदेश पर एक नामजद, एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की नीयत से अपहरण और हत्या के प्रयास की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।
कौड़ीकोल निवासी पीड़िता प्रमिला वर्मा का आरोप है कि पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पिकौरा निवासी महेन्द्र कुमार चौधरी ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर पुराना डाकखाना रोड चौकी सिविल लाईन क्षेत्र से उसका मुंह दबाकर हत्या करने की नीयत से जबरिया कार में बैठा लिया। कुआनों नदी के पास ले जाकर स्टाल से उसका गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। किसी तरह से गिड़गिड़ा कर वह मौका पाकर वहां से भाग निकली। मामले में कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।