लखनऊ। कृष्णानगर एलडीए कालोनी में करीबी महिला से जेवर वापस न मिलने पर व्यवसायी की 50 वर्षीय पत्नी प्रभा दास ने फांसी लगा ली। मंगलवार रात कमरे में फंदे पर उनका शव लटकता मिला।
प्रभा के मोबाइल में परिवारीजनों को एक रिकार्डिंग मिली है। वह किसी महिला से जेवर वापस देने की बात कह रही हैं। उधर, मोहिबुल्लापुर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने सुसाइड नोट में ‘मैं जिंदगी से हार गया हूं’ लिखकर जान दे दी।
परिवारीजनों ने उसी महिला पर प्रभा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। प्रभा के पति प्रदीप दास ने बताया कि उनका रायबरेली रोड पर ढाबा है।
बेटी पीहू की शादी फरवरी में होनी है। रात प्रभा के पिता घर आए थे। उनसे खरीदारी की बात चल रही थी। इस बीच एकाएक प्रभा उठी और पहले तल पर चली गई।
काफी देर प्रभा के न लौटने पर ऊपर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। तोड़ा गया तो फंदे पर प्रभा लटकी मिली। उतार कर अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभा के मोबाइल में एक रिकार्डिंग मिली है। रिकार्डिंग 10 अगस्त की है। उसमें प्रभा किसी महिला से जेवर मांग रही हैं।
प्रभा, महिला से कह रही हैं कि तुम्हारे खराब समय में मैंने मदद की थी। अब मेरी बेटी की शादी है, हमारे ही जेवर तुम नहीं दे रही हो। जेवर लौटा दो। प्रदीप ने बताया महिला पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह के मुताबिक अभी घरवालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
‘मैं जिंदगी से हार गया हूं’ लिखकर छात्र ने जान दी
मोहिबुल्लापुर में 22 वर्षीय रोहित कुमार ने सुसाइडनोट में ‘मैं जिंदगी से हार गया हूं’ लिखकर जान दे दी। कमरे में फंदे पर उसका शव लटका मिला। मकान मालिक ने पुलिस और परिवारीजनों को सूचना दी।
इंस्पेक्टर मड़ियांव के मुताबिक रोहित मूल रूप से सीतापुर के निजामपुर के रहने वाले थे। यहां तीन माह से आशा देवी के मकान में किराए पर रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। सुबह कमरे से दुर्गंध आने और खून निकलने की सूचना मिली। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा को फंदे पर शव लटका मिला।
सुसाइडनोट में जिंदगी से परेशान होकर और नौकरी न मिलने के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम के बाद छात्र के भाई सुधीर, पिता और परिवारीजन शव लेकर चले गए।