बस्ती। जिले के दो थाना क्षेत्रों में आपसी विवाद और रंजिश को लेकर एक महिला और एक युवक को चाकू मार दिया गया। चाकू के हमले में घायल दोनो का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में आरोपियों के खिलाफ पुलिस तहरीर के आधार पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर निवासी बेलौता देवी पत्नी सन्तराम चौहान पर गांव निवासी रिंकू चौहान पर चाकू से मारकर घायल कर देने, जान से मारने की धमकी देने, उसके दो भाइयों पिन्टू, दिनेश पर गाली देने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने कहा है कि कचनी गांव के पास आपसी रंजिश को लेकर आरोपी ने उसे पकड़कर चाकू से मारकर घायल कर दिया। वहीं पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मंगल बाजार निवासी श्याम चौरसिया के पेट में चाकू से वार कर गंभीर रूप् से घायल कर देने के मामले में धीरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। घायल के चाचा मनोज चौरसिया ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उसके भतीजे को मौसी का नाम लेकर आरोपी ने मजाक किया, मना करने पर गाली और धमकी दी। इसी विवाद को लेकर उसके पेट में चाकू से वार कर दिया। दोनो मामलों में आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।