बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के मझौवा खजुरी निवासी एक विवाहिता ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर मारने पीटने, प्रताड़ित करने, उसके जेवरात छीन लेने, गाली और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल देने का आरोप लगाया है।
वाल्टरगंज पुलिस को दी गई तहरीर में रिंकी उर्फ राधिका ने मझौवा खजुरी निवासी अपने पति संदीप, सास फूलमती, ननद आरती और ममिया ससुर जनार्दन पर दहेज में 50 हजार रूपए की मांग को लेकर मारने पीटने, प्रताड़ित करने, गाली और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। कहा है कि मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने उसका समस्त स्त्री धन जबरन छीन कर अपने पास रख लिया और उसे घर से निकाल दिया। ससुराल से निकाले जाने के बाद वह अपने मायके संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के कोहरियावा पिता के घर पर रह रही है। मामले में तहरीर के आधार पर वाल्टरगंज पुलिस आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।