विदेश भेजने के नाम पर एक लाख की ठगी, थमा दिया कूटरचित फर्जी वीजा

 

बस्ती। 2 अगस्त उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में नगर पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी, धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नगर पुलिस ने दर्ज किया है।
नगर थाना क्षेत्र के कसैला गांव निवासी अरूण कुमार पुत्र फूलचंद ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि नगर थाना क्षेत्र के बक्सर गांव निवासी रूपचंद पुत्र मोती ने उससे कहा कि आपको विदेश भेज देंगे जहाँ आपको अच्छा वेतन मिलेगा और घर की माली हालत सुधर जाएगी। उसकी बातों पर विश्वास करते हुए उसने ऑनलाइन 77हजार रूपये खाते में ट्रांसफर कर दिया और 23 हजार रूपये नगद दिया। इसके एवज में आरोपी ने विदेश भेजने के लिए उसे एक महीने का टूरिस्ट वीजा थमा दिया। कहा कि इसके एक महीने के बाद वहाँ तुम्हें नियमित वीजा मिल जाएगा। लेकिन एक महीना बीतने के बाद भी वीजा नहीं मिला। जब उसने वीजा के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने कूटरचित जाली वीजा दे दिया। जब इसकी उसे जानकारी हुई तो दुबई में दो महीने का जुर्माना चुका कर वह किसी तरह भारत आया। घर वापस आकर जब उसने आरोपी से अपना रूपया वापस मांगा तो वह फर्जी मुकदमा में फंसाने की धमकी देने लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने नगर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी, कूटरचित जाली वीजा देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।