बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हटवा बाजार में बनी नाली और इंटरलाकिंग को उखाड़ देने के मामले में 13 लोगों के खिलाफ लोक सम्पति क्षति निवारण अधिनियम एवं भादवि की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। हटवा बाजार निवासी जैनुल्लाह ने पुलिस को दी गई तहरीर में गांव निवासी दो सगे भाई मो. इसहाक, इश्तियाक सहित 13 लोगों पर आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत द्वारा हटवा बाजार में इश्तियाक अहमद के घर से पोखरे तक बनी नाली और इंटरलाकिंग ईंट से बने 10 मीटर सड़क को जेसीबी से उखाड़ दिया गया। जब इस बारे में आरोपियों को मना किया तो उन्होंने गाली और जान से मारने की धमकी दी। मामले में आरोपियों के खिलाफ तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।