बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के छितिरगांवा निवासी एक विवाहिता की दहेज हत्या के मामले में वांछित सास, ससुर को पुलिस ने उकड़ा तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है। आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर दोनो को न्यायालय के लिए रवाना किया है।
बता दें कि छितिरगांवा निवासी रायदेव पाण्डेय की पत्नी 23 वर्षीय गुड़िया की 25/26 जुलाई को संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। सूचना बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुड़िया के पिता गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के रायरूपीपुर तिवारी पुरवा निवासी लवकुश तिवारी ने बेटी के पति और उसके ससुराल वालों पर दहेज में मोटर साईकिल की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मांग पूरी न होने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दिये जाने का आरोप लगाया। पुलिस को दी गई तहरीर में अपनी बेटी गुड़िया के ससुर अशोक कुमार पाण्डेय, सास उषा देवी, पति रायदेव पाण्डेय, तीन ननदों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, गला दबाकर हत्या करने की तहरीर दी। तहरीर के आधार पर आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस ने सुसंगत धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया। मुकदमें में वांछित सास, ससुर की उकडा तिराहे के पास से गिरफ्तारी की।