कुशीनगर, जुलाई जनपद के कुबेर स्थान थाना क्षेत्र के गांगरानी गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर से 170 जहरीले कोबरा सांप निकले। घर में चल रहे मिट्टी की खुदाई कार्य के दौरान एक सांप निकला। परिजनों ने मिट्टी हटाई तो जहरीले सांप कोबरा का जखीरा निकला। घर से छोटे बड़े मिलाकर 170 से अधिक सांप मिले हैं। इसके बाद दहशत में आए परिजनों ने सांप पकड़ने वाले को बुला लिया। उक्त गांव निवासी फुलबदन निषाद के घर में मरम्मत कार्य चल रहा था।
जानकारी के अनुसार कुबेर स्थान थाना क्षेत्र के गांगरानी गांव निवासी फुलबदन निषाद के घर में मिट्टी निकालने का कार्य चल रहा था कि अचानक मिट्टी से कोबरा सांप निकलने शुरू हो गए। एक साथ कई सांपो को निकलता देख लोग दहशत में आ गए। सांप मिलने की जब सूचना ग्रामीणों को मिली तो भीड़ इकट्ठा हो गई। सांपो के तेवर देखकर गांव के लोग भी सहम गए। इसके बाद सांपो को पकड़ने के लिए मुकामी पुलिस के सहयोग से स्नैक कैचर को बुला लिया गया। घर में निकलने सांपों का स्नैक कैचर ने रेस्क्यू करते हुए लगभग 170 सांप पकड़े। बुधवार देर रात से गुरुवार दोपहर तक रेस्क्यू चला। घर परिवार के लोग शुक्र मना रहे है कि सांप ने किसी को डसे नहीं। घर में और सांप होने की आशंका के चलते घर के अंदर अन्य जगहों पर तलाश की जा रही है। स्नैक कैचर का कहना है कि पहले एक सांप दिखा था। लेकिन जब फर्श तोड़कर देखा गया तो बड़ी संख्या में कोबरा के बच्चे निकलने लगे। इसके बाद सभी का रेस्क्यू किया गया।