पर्यवेक्षकों की कड़ी निगरानी में होगी अवध विवि की प्रवेश परीक्षा

केन्द्रों पर मोबाइल व इलेक्ट्रानिक्स गैजेट्स पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेंगे
-10 जुलाई को 12 केन्द्रों पर होगी पांच विषयों की प्रवेश परीक्षा
अयोध्या डॉ0 राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की पांच विषयों की प्रवेश परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने को लेकर सोमवार को अपराह्न भौतिकी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग में केन्द्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों के साथ बैठक हुई। बैठक में आवासीय प्रवेश परीक्षा समन्वयक प्रो0 शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि 10 जुलाई को एलएलबी त्रिवर्षीय, बीफार्मा, डीफार्मा, एलएलएम, एमएड विषयों की प्रवेश परीक्षा होगी। दो पालियों की परीक्षा में कुल 7 हजार 189 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिसके लिए 12 केन्द्र बनाये गए है। उन्होंने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक होगी जिनमें एलएलबी त्रिवर्षीय व बीफार्मा की प्रवेश परीक्षा होगी। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2 बजे से 4 बजे होगी। इसमें एलएलएम, डीफार्मा की परीक्षा कराई जायेगी। इसी पाली में तीन घण्टे की एमएड की प्रवेश परीक्षा होगी। उन्होंने बताया कि कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल के निर्देश पर परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए केन्द्रों पर मोबाइल व इलेक्ट्रानिक गैजेट्स पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेंगे। प्रवेश परीक्षा के उपसमन्वयक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि परीक्षार्थियों को केन्द्रों पर एक घण्टा पहले पहुॅचना होगा। परीक्षा शुरू होने के बाद परीक्षार्थियों का प्रवेश बन्द कर दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता के लिए 12 केन्द्राध्यक्ष एवं 26 पर्यवेक्षक तैनात किए गए। इसके अलावा अधिकारियों एवं प्रवेश परीक्षा की टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया जायेगा। वहीं परीक्षा समिति के सदस्य डॉ.  मोहन चन्द्र तिवारी ने बताया कि परीक्षा की शुचिता को बनाये रखने के लिए केन्द्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर दिया गया है। परीक्षा की सामग्री केन्द्रों पर पर्यवेक्षकों की कड़ी निगरानी में खोली जायेगी। उन्होंने परीक्षा के सकुशल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। इस बैठक में विश्वविद्यालय, साकेत महाविद्यालय व इण्टर कालेज के केन्द्राध्यक्ष व पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

अवध विवि में पहले दिन 167 ने कराई स्नातक प्रवेश काउंसिलिंग
अयोध्या(आरएनएस)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश काउंसिलिंग में 167 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराकर सीट को सुरक्षित किया। काउंसिलिंग के पहले दिन 09 स्नातक पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग विभागों में शुरू हुई। अभ्यर्थियों के डाक्यूमेंट्स के सत्यापन के उपरांत पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया गया। प्रवेश समन्वयक प्रो0 शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि काउंसिलिंग के पहले दिन विभागों में मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया गया। जिन अभ्यर्थियों के डाक्यूमेंट्स में कुछ कमियां पाई गई उन्हें अगले दिन मौका मिलेगा। बीलिब, बीपीईएस, बीए, बीसीए, बीएससी बायो, फाइन आर्ट्स, परफार्मिग आर्ट्स, वोकेशल मॉस कम्यूनिकेशन एण्ड जर्नलिज्म, फैशन डिजाइन एण्ड गारमेंटस टेक्नोलॉजी विषय में अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई है। समन्वयक ने बताया कि पहले दिन के छूटे अभ्यर्थी विभागों से सम्पर्क करके प्रवेश सुनिश्चित करा सकते है। इसके लिए विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *