बस्ती आज दिनाँक 16/ 04/ 24 को महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बस्ती में प्राचीन इतिहास पुरातत्त्व एवं संस्कृति विभाग में विभागीय स्तर पर दो कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्रओं से प्राचीन इतिहास विषय से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में चार टीम ए, बी, सी, डी, ने प्रतिभाग किया। इनमें टीम ए विजेता रही। कार्यक्रम की संयोजक डॉ0 नूतन यादव, सह संयोजक डा0 सुधा त्रिपाठी एवं आयोजन सचिव डॉ0 रुचि श्रीवास्तव रहीं। कार्यक्रम का संचालन डा नूतन यादव ने किया।
तत्पश्चात विभाग में आभासी पटल के माध्यम से एक व्याख्यान माला कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। व्याख्यान का शीर्षक ‘परियोजना पद्धति’ ( project Methodology) था। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महाविद्यालय की प्राचार्या द्वारा आभासी पटल के माध्यम से दिए गए आशीर्वचन से हुआ। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता प्रो0 प्रताप विजय (प्राचीन इतिहास पुरातत्व एवं संस्कृति विभाग , एच0 आर0 पी0 जी0 कॉलेज, संतकबीरनगर ) रहे । अपने उद्बोधन ने मुख्य वक्ता ने बताया कि प्राचीन इतिहास में शोध करने के लिए स्रोतों का अत्यंत ही महत्वपूर्ण स्थान है तथा छात्राओं को प्रोजेक्ट लेखन करते समय सन्दर्भ सूची का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
कार्यक्रम के तकनीकी सत्र के विशेष वक्ता स0 आ0 मनोज मिश्र (प्राचीन इतिहास पुरातत्व एवं संस्कृति विभाग , एच0 आर0 पी0 जी0 कॉलेज संतकबीरनगर ) रहे ।
उन्होंने परियोजना निर्माण के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डाला तथा परियोजना निर्माण में किन चरणों का पालन किया जाए उस विषय में जानकारी दी। आपने बताया कि परियोजना निर्माण में तथ्यों का संकलन, वर्गीकरण एवं विश्लेषण के पश्चात ही निष्कर्ष निकलने चाहिए।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ रुचि श्रीवास्तव एवं सह संयोजिका डॉ नूतन यादव एवं आयोजन सचिव डा सुधा त्रिपाठी रहीं। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन डॉ0 रुचि द्वारा किया गया।