नूतन वर्ष का स्वागत गान-बालसोम गौतम

🙏नूतन वर्ष का स्वागत गान🙏
(बालसोम जी चैत्र शुक्ल प्रतिपदा तिथि को ही नव वर्ष का शुभारम्भ मानते थे)
आओ नूतन वर्ष 🌄
मनोरम प्रात नवीन लिये।
नया मखमली दिवस 🌙
रेशमी रात नवीन लिये ।।
★ ★ ★ ★ ★
दिशा-दिशा में सहज शुभ्र
संकल्प निवास करे
द्वार-द्वार पर प्रेम पताका
फहर-फहर फहरे
■ ■ ■ ■ ■
अक्षय यौवन-रंगों
की बरसात नवीन लिये।
आओ नूतन वर्ष
मनोरम प्रात नवीन लिये।।
टूटे कुण्ठा त्रास और
चिन्ता निर्वासित हो
चिर प्रसन्न्ता चित्त भूमि पर
अभय विराजित हो
◆ ◆ ◆ ◆ ◆
सत्यम- शिवम -सुन्दरम
का आयात नवीन लिये।
आओ नूतन वर्ष
मनोरम प्रात नवीन लिये।।
क्षण-क्षण हो उत्कर्ष भरा
मंगलमय घड़ी-घड़ी
जीवन से हो ओत प्रोत
गीतों की कड़ी कड़ी
♀ ♀ ♀
शब्द शब्द हो वृन्दाबन
स्वर सात नवीन लिये।
आओ नूतन वर्ष
मनोरम प्रात नवीन लिये।।
🌞बालसोम गौतम-बस्ती(उप्र)🌞

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *