सुल्तानपुर 5 मार्च। हलियापुर में दो सगे भाइयों की सड़क दुर्घटना में मौत से कोहराम मच गया है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम में भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दिया है।
हलियापुर थानाक्षेत्र के रंगवा मजरे फत्तेपुर निवासी राम चंद्र निषाद के दो पुत्रों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि रामचंद्र अपने पुत्र लवकुश (14 वर्ष) और आशीष (05वर्ष) को बाइक से लेकर अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना अंतर्गत पीरबाबा मजार पर दर्शन करने गए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार रामचंद्र दोनों बेटों को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के साइड रोड पर बाइक के पास खड़ा कर मजार पर दर्शन करने गए। इसी समय हलियापुर की ओर से आई तेज़ रफ्तार डीसीएम ने दोनों को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल लवकुश व आशीष को पुलिस ने पिठला अस्पताल कुमारगंज पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। ये सूचना जैसे ही परिवार में पहुंची परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। राम चंद्र के पांच बेटे और तीन बेटियां हैं। लवकुश दूसरे और आशीष सबसे छोटा है।