ग्वालियर/शिवपुरी, मार्च भारत जोड़ो न्याय यात्रा का रविवार को प्रद्रेश में दूसरा दिन रहा। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यख राहुल गांधी ने ग्वालियर में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि अंबानी के यहां बेटे की शादी हो रही है। वहां दुनियाभर के लोग आ रहे हैं। यहां आप लोग भूखे मर रहे हैं। आज देश में पिछले 40 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। यह पाकिस्तान की तुलना में दोगुनी है। हमारे पास बांग्लादेश-भूटान से भी अधिक बेरोजगार युवा हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नोटबंदी और जीएसटी लागू करके छोटे व्यवसायों को खत्म कर दिया है। भाजपा सरकार ने बड़े-बड़े अरबपतियों का लाखों-करोड़ों रुपये का कर्ज माफ कर दिया है। ये जो कर्ज का पैसा था, वो देश के लोगों का था, जिसे टैक्स से जुटाया गया था। अगर मोदी सरकार अरबपतियों के लाखों-करोड़ों रुपये का कर्ज माफ कर सकती है तो किसानों का कर्ज माफ क्यों नहीं कर सकती? हम भारत माता की जय कहते हैं। भारत माता यह देश है, देश के लोग हैं। अगर आप हम भारत माता की जय कहते हैं तो फिर देश के 73 प्रतिशत लोगों की जय भी होनी चाहिए देश के युवा पहले मेहनत कर सेना में जाते थे तो उन्हें आदर-सम्मान मिलता था। कोई शहीद होता तो उसे शहीद का दर्जा मिलता था। अब अग्निवीर योजना आने के बाद सैनिकों के साथ भेदभाव हो रहा है, ये अन्याय है।