सुल्तानपुर27 फरवरी लखनऊ-वाराणसी नेशनल हाइवे पर बीती रात दर्दनाक हादसा हुआ। कोतवाली देहात थानाक्षेत्र के धर्मगंज बाजार में डंपर ने बाइक सवार भाजपा नेता व उनकी पत्नी को टक्कर मार दिया। दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर लाया गया। जहां डॉक्टर ने भाजपा नेता को मृत घोषित कर दिया। पत्नी का इलाज जारी है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली नगर के नबीपुर मोहल्ले के निवासी निवासी रमेश मिश्रा (65) पुत्र दिवाकर मिश्रा मूल रूप से लंभुआ कोतवाली अंतर्गत पांडेयपुर गांव के निवासी हैं। वो बीती रात पत्नी को लेकर शहर से पैतृक गांव जा रहे थे। अभी वे कोतवाली देहात के धर्मगंज के पास पहुंचे थे कि एक डंपर ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे पति-पत्नी सड़क पर जा गिरे। आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और दंपति को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। यहां डॉक्टर ने भाजपा नेता को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली नगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजा है। वहीं एसएचओ श्याम सुंदर ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है। परिवार से तहरीर मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी। भाजपा प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि भाजपा के जिला कार्यसमिति सदस्य रमेश मिश्रा दो बार भदैया मंडल के अध्यक्ष रहे। किसान मोर्चा के जिला महामंत्री भी रहे। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। उनकी मृत्यु पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गहरा दुःख प्रकट किया है। वही भाजपा नेता के परिवार में हादसे के बाद से कोहराम मचा हुआ है।