महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । रामनगरी की प्रतिष्ठित पीठ श्रीसीताराम निवास मंदिर, जानकीघाट के साकेतवासी महंत रामसुरेश दास महाराज को नौवीं पुण्यतिथि पर संतों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। आश्रम में पूर्वाचार्य की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। संत-महंतों ने उन्हें नमन करते हुए शिद्दत से याद किया। इस अवसर पर श्रीसीताराम निवास मंदिर के वर्तमान पीठाधिपति महंत आचार्य भूषण दास महाराज ने कहा कि उनके गुरूदेव विलक्षण प्रतिभा के धनी संत रहे। संपूर्ण भारतवर्ष में मंदिर से जुड़े हुए शिष्य-अनुयायी हैं, जिनकी संख्या करोड़ों में है। जो समय-समय पर अयोध्याधाम आकर भगवान श्रीसीताराम के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा निवेदित करते हैं। साथ ही साथ पुण्य के भागीदार बनते हैं। इस मौके पर स्वामी छविरामदास, महंत प्रियाप्रीतम शरण, महंत रामगोविंद शरण, महंत उत्तम दास, महंत रामलोचन शरण, महंत अवधकिशोर शरण, महंत रामप्रकाश दास समेत रामनगरी के विशिष्ट संत-महंत एवं मंदिर से जुड़े शिष्य-अनुयायी, परिकर मौजूद रहे।