बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के हर्रैया थानाक्षेत्र के पिनेसर गांव में 43 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में घटना के चार दिन बाद पुलिस कत्ल का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के भाई की पत्नी अनीता की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरु कर दी है। घटना की जानकारी लगते ही परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस के मुताबिक पिनेसर गांव के रहने वाले राममूरत की शादी हुई थी। लेकिन पत्नी से संबंध विच्छेद होने के कारण वह अपने भाई के परिवार संग रहते थे। घटना के वक्त राममूरत का भाई अपने परिवार के साथ ससुराल गया था। रात में राममूरत घर पर अकेले थे। उसके भाई श्यामसूरत की माने तो शनिवार 16 दिसंबर की सुबह 10 बजे जब वह घर पहुंचा तो दरवाजा खुला था और भाई की लाश पड़ी थी। संदिग्ध हाल में शव पड़े होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल में जुट गई। परिजन गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। कुछ दिन पहले राममूरत अपनी चार बिस्वा जमीन गांव के ही एक व्यक्ति को बैनामा कर दिया था। जिसको लेकर मृतक के भाई और बैनामेदार में भी तनातनी बताई गई थी। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरु कर दी है। एसएचओ का कहना है कि मामले का जल्द ही पर्दाफाश हो जाएगा।