11वीं पुण्यतिथि पर संत समागम व सुंदरकांड पाठ, श्रद्धालुओं ने दी श्रद्धांजलि
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। धर्मपथ स्थित सिद्धपीठ श्री संकट मोचन हनुमान किला मंदिर के संस्थापक एवं साकेतवासी श्री महंत रामविलास दास महाराज की 11वीं पुण्यतिथि शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर अखिल भारतीय चतुःसम्प्रदाय के अध्यक्ष कायाकल्पी संत बर्फानी दादा लाल बिहारी दास और महंत अर्जुन दास सहित अन्य संतों को भी नमन किया गया। आयोजन के तहत सुंदरकांड पाठ, श्रद्धांजलि सभा और संत समागम का कार्यक्रम हुआ, जिसमें अयोध्या के बड़ी संख्या में संत-महंतों, धर्माचार्यों व श्रद्धालुओं ने शामिल होकर दिवंगत महंत को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का संयोजन श्री महंत रामदास और महंत परशुराम दास महाराज ने किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए श्री संकट मोचन हनुमान किला मंदिर के महंत परशुराम दास महाराज ने कहा कि श्री महंत रामविलास दास महाराज सेवा, परमार्थ और करुणा के साक्षात प्रतिमूर्ति थे। वे बाईपास स्थित अपने आश्रम में संतों, असहायों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते थे। सेवा को परम धर्म मानने वाले महाराज जी शिष्यों और भक्तों को भी निस्वार्थ भाव से मानव सेवा करने की प्रेरणा देते रहे।
महंत परशुराम दास ने कहा कि महाराज जी का संपूर्ण जीवन भजन, साधना और परोपकार को समर्पित रहा। उनके उपदेशों में सदैव यह भाव प्रमुख रहा कि परमात्मा की प्राप्ति का सहज मार्ग परमार्थ और निस्वार्थ सेवा है। आश्रम में आने वाले गरीब, असहाय एवं भटके हुए लोगों को वे आत्मीयता से आश्रय और सहयोग प्रदान करते थे। उनका सेवाभावी जीवन आज भी संत समाज और श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणास्रोत है। पुण्यतिथि समारोह में खाक चौक के श्री महंत बृजमोहन दास, मुख्य पुजारी रामचरण दास, श्री राम वल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास, संकट मोचन सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत संजय दास, अनी अखाड़ा के श्री महंत मुरली दास, महंत डॉ. महेश दास, बड़े भक्तमाल के महंत अवधेश कुमार दास, महंत इंद्रदेव दास, वरिष्ठ पुजारी हेमंत दास, बड़े हनुमान के अधिकारी छविराम दास, महंत बलराम दास, महंत रामप्रकाश दास, महंत अवध किशोर शरण, महंत रामकुमार दास, बालयोगी महंत रामदास, बालयोगी महंत विनोद दास, महंत कमला दास रामायणी, महंत राघव दास, महंत मनीष दास, हनुमानगढ़ी के मुख्य पुजारी रमेश दास, महंत जन्मेजय शरण, महंत डॉ. जयरामदास वेदांती, महंत राममिलन शरण, महंत गणेशानंद दास, महंत अयोध्या दास, महंत गिरिश दास, महंत दामोदर दास और महंत विजय रामदास समेत बड़ी संख्या में संत-महंत मौजूद रहे।
समारोह में रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, पूर्व सांसद लल्लू सिंह के पुत्र विकास सिंह, पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू, अमर सिंह, विनोद सिंह, डॉ. एम.पी. यादव, पार्षद अंकित त्रिपाठी और श्री चंद्र यादव सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। अंत में महंत परशुराम दास महाराज ने उपस्थित संतों, अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत-सम्मान किया।






Views Today : 24166
Who's Online : 16