महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। विप्र संजीवनी परिषद गुरुकुल अयोध्या से संबद्ध श्री राजगोपाल संस्कृत महाविद्यालय के उत्तर मध्यमा के छात्र शशांक पाण्डेय ने प्रदेश स्तरीय श्लोक अंत्याक्षरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अयोध्या का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से गुरुकुल परिवार, आचार्यों, सहपाठियों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। निरंतर अभ्यास, श्लोकों के गहन ज्ञान और संस्कृत के प्रति समर्पण के बल पर शशांक ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। इस सफलता को संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और भारतीय प्राचीन ज्ञान परंपरा के संरक्षण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इस उपलब्धि पर विप्र संजीवनी परिषद गुरुकुल के संस्थापक एवं श्री राजगोपाल संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार पाण्डेय (वत्साचार्य जी महाराज) ने शशांक को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि गुरुकुल के विद्यार्थी बीते कई वर्षों से प्रदेश स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में शीर्ष स्थान हासिल कर रहे हैं, जो विद्यार्थियों के परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्कारयुक्त वातावरण का परिणाम है। डॉ. पाण्डेय ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कृत, भारतीय संस्कृति, शास्त्रीय ज्ञान, नैतिक मूल्यों और अनुशासन को मजबूत करना है। उनके अनुसार श्लोकों के नियमित अभ्यास से स्मरण शक्ति, उच्चारण और बौद्धिक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि शशांक की यह उपलब्धि अन्य छात्रों को प्रेरित करेगी और वे आगे भी संस्कृत व भारतीय संस्कृति के क्षेत्र में नए कीर्तिमान गढ़ेंगे। अंत में उन्होंने सभी आचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए संस्कृत शिक्षा की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।





Views Today : 24116
Who's Online : 15