महंत रामकृष्ण दास रामायणी ने कंठी-चादर भेंटकर सौंपी मंदिर की जिम्मेदारी, संतों-महंतों ने दिया आशीर्वाद
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जन्मस्थली अयोध्या के रामघाट स्थित राम सेवकपुरम के निकट श्री रामकृष्ण धाम मंदिर में संत परंपरा के अनुरूप महंती उत्तराधिकार समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वर्तमान महंत श्री रामकृष्ण दास रामायणी ने अपनी वृद्धावस्था को देखते हुए अपने योग्य एवं विश्वासपात्र शिष्य रामकुमार दास शास्त्री को कंठी-चादर भेंटकर मंदिर का नया उत्तराधिकारी नियुक्त किया।
महंत श्री रामकृष्ण दास रामायणी ने संत समाज की उपस्थिति में विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रामकुमार दास शास्त्री को कंठी-चादर प्रदान कर मंदिर की जिम्मेदारियां सौंपीं। इसके साथ ही मंदिर की समस्त व्यवस्थाओं, नियमित पूजा-पाठ, भोग-राग एवं धार्मिक गतिविधियों के संचालन का दायित्व भी उन्हें सौंपा गया।महंती समारोह में उपस्थित संत-महंतों, धर्माचार्यों एवं श्रद्धालुओं ने नव नियुक्त उत्तराधिकारी को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संत-महंतों एवं भक्तों के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। वर्तमान महंत श्री रामकृष्ण दास रामायणी ने उपस्थित संतों एवं अतिथियों का अंगवस्त्र एवं दक्षिणा भेंटकर सम्मानपूर्वक स्वागत-सत्कार किया। इस अवसर पर नव नियुक्त महंत रामकुमार दास शास्त्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि गुरुजी ने जिस विश्वास और आशीर्वाद के साथ उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। मंदिर की परंपराओं को अक्षुण्ण रखते हुए पूजा-पाठ, आरती भोग इतियादि निरंतर चलता रहेगा।






Views Today : 24170
Who's Online : 16