दिल्ली पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य समापन, ग्रीन हाउस बना चैंपियन
मुख्य अतिथि अंकुर वर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, बच्चों के खेल कौशल की सराहना
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। पचपड़िया रोड स्थित दिल्ली पब्लिक सीनियर स्कूल एवं यूरो किड्स ब्रांच में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव (एनुअल स्पोर्ट्स मीट) का शनिवार, 28 नवंबर को भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के नेता अंकुर वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मनमोहन श्रीवास्तव, राजेश चित्रगुप्त और अभिषेक गुप्ता मौजूद रहे। अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
विद्यालय के प्रबंधक अमरमणि पांडे के मार्गदर्शन एवं प्राचार्या अर्चना पांडे के नेतृत्व में आयोजित इस खेल महोत्सव में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। तीन दिनों तक चली विभिन्न इनडोर और आउटडोर प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, दौड़, कैरम, शतरंज और टेबल टेनिस सहित कई खेल आयोजित किए गए।
प्रतियोगिताओं में चारों सदनों के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम परिणाम घोषित किए गए। इसमें ग्रीन हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि रेड हाउस द्वितीय और ब्लू हाउस तृतीय स्थान पर रहा।
इस अवसर पर प्रबंधक अमरमणि पांडे ने कहा कि खेल का मैदान बच्चों को अनुशासन, धैर्य और नेतृत्व का महत्वपूर्ण पाठ पढ़ाता है। सभी प्रतिभागियों ने जिस खेल भावना और उत्साह का परिचय दिया, वह सराहनीय है। विद्यालय बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए आगे भी ऐसे आयोजन करता रहेगा।
मुख्य अतिथि अंकुर वर्मा ने विद्यार्थियों के उत्साह और खेल कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास का अभिन्न अंग हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की सकारात्मक भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में एकेडमिक इंचार्ज दिव्या पाठक और वाइस प्रिंसिपल दिनेश त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दिव्या पाठक ने कहा कि खेल आधारित शिक्षण पद्धति बच्चों में टीम वर्क, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करती है। वहीं दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन और खेल नियमों का जिस तरह सम्मान किया, वही आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकगण नीलम चौधरी, लक्ष्मी वर्मा, दीपिका सहित हाउस वार्डन ऋचिका सिंह, दीपांजलि, प्रीति मिश्रा, उत्कर्ष श्रीवास्तव, नंदनी गाडिया, उमा त्रिपाठी एवं आफताब शेख का सराहनीय योगदान रहा।
अंत में प्राचार्या अर्चना पांडे ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तीन दिवसीय खेल महोत्सव ने साबित किया है कि विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






Views Today : 17733
Who's Online : 23