*विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी ने दसिया के चार बूथों का किया निरीक्षण, फार्म-6 भरवाने में तेजी लाने के निर्देश*
बस्ती । अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान दिवस पर शनिवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने विधानसभा क्षेत्र रुधौली (309) के प्राथमिक विद्यालय दसिया स्थित बूथ संख्या 287, 288, 289 एवं 290 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित बीएलओ से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फार्म-6, फार्म-7, फार्म-8 एवं मतदाता सूची से संबंधित अन्य प्रपत्रों के बारे में जानकारी लेते हुए इनके माध्यम से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बूथों पर उपस्थित बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष अभियान दिवस के दौरान पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाने पर विशेष जोर दिया जाए। विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं तथा ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें चिन्हित कर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान मतदाताओं को जागरूक करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रपत्र भरवाए जाएं निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







Views Today : 17625
Who's Online : 20