डॉ.सीमा गुप्ता की काव्यकृति माटी की महक के लोकार्पण संग कवि सम्मेलन एवं मुशायरा संपन्न
लखनऊ, राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान, उत्तर प्रदेश एवं उर्दू अकादमी के संयुक्त तत्वाधान में उर्दू अकादमी, गोमती नगर, लखनऊ के ‘उर्दू अकाॅदमी सभागार’ में मंच कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार मिश्रा, आई.ए.एस. ने किया। कार्यक्रम का आरंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं वाणी वन्दना कर किया गया तदोपरांत वन्देमातरम् की प्रस्तुति की गयी।
कुशल संचालन डाॅ. अखिलेश कुमार मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का कुशल संयोजन संस्थान की महामंत्री डाॅ0 सीमा गुप्ता द्वारा किया गया। उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी, गोमती नगर, लखनऊ में राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डॉ. सीमा गुप्ता के काव्य-संग्रह ‘माटी की महक’ का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अखिलेश कुमार मिश्रा, अध्यक्ष, राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान ने कहा कि ‘माटी की महक’ लेखिका की सृजनात्मक प्रतिभा, संवेदनशीलता और जीवनानुभवों की सुंदर अभिव्यक्ति है। यह कृति पाठकों को साहित्य और मानवीय मूल्यों से जोड़ती है।
डॉ. कलीम कैसर, अंतरराष्ट्रीय साहित्यकार एवं शायर ने कहा कि इस पुस्तक में मिट्टी की खुशबू, देशप्रेम और मानवीय संवेदनाओं का अनूठा संगम है। डॉ. सीमा गुप्ता की रचनाओं में भावों की गहराई और भाषा की सहजता दिखाई देती है। यह काव्य-संग्रह साहित्य जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा।
डॉ. सीमा गुप्ता, लेखिका ने कहा कि ‘माटी की महक’ उनके मन के भावों, अनुभवों और जीवन-मूल्यों का काव्यात्मक रूप है। इसमें देशप्रेम, भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संवेदना और सामाजिक सरोकारों को स्वर दिया गया है। उन्होंने पुस्तक को पाठकों तक पहुँचाने में सहयोग देने वाले सभी साहित्यकारों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिन कवियों ने मंच को ऊंचाई प्रदान की उनमें डाॅ0 अखिलेश कुमार मिश्रा, आई0ए0एस0, डाॅ0 सीमा गुप्ता, डॉ. कलीम कैसर, गोरखपुर, नुसरत अतीक, गोरखपुर, सर्वेश अस्थाना, लखनऊ, डॉ. सरला शर्मा ‘अस्मा’, लखनऊ, डाॅ0 शोभा दीक्षित ‘भावना’, अनुराग मिश्र ‘गैर’ एवं अभय ‘निर्भीक’, लखनऊ उपस्थित थे।
काव्यांश अग्रलिखित है:-
दिल दिया है जुबान क्या लेगा, दर्द देकर के जान क्या लेगा
मैं तो खुद इम्तिहान जैसी हूँ, तू मेरा इम्तिहान क्या लेगा।
-डाॅ0 शोभा दीक्षित ‘भावना’
आज इजहार कर लिया मैंने
आप से प्यार कर लिया मैंने
उनको जीवन तमाम सौंप दिया
दिल से इकरार कर लिया मैंने
-डाॅ0 सीमा गुप्ता
दिल तो नाराज ही होता है मगर कहते हैं
कैसे लोगों को यहाँ लोग भी सर कहते हैं।
एक हंगामा सा होता तेरे आने पर
इसको इज्जत नहीं कहते मियाँ डर कहते हैं।
-डॉ. कलीम कैसर
रिश्तों में तकरार बहुत है
लेकिन इनमें प्यार बहुत है
सारी दुनिया खुश रखने को
बस अपना परिवार बहुत है
-सर्वेश अस्थाना
कहें किससे कि जख़्मी दिल में अपनों के ही ख़ंजर थे।
अभी जो सूखी आंखें हैं कभी इनमें समंदर थे।।
-डॉ. सरला शर्मा ‘अस्मां’
लगाकर आग पानी ढूँढते हैं, तबाही में कहानी ढूँढते हैं
पुरानी हवेली में परिंदे, अभी भी दाना पानी ढूँढते हैं।
-अनुराग मिश्र गैर
बहुत हुआ अब युवा शक्ति के हित में भी कुछ मनन करो,
काला धन तुम भले न लाओ रोजगार का सृजन करो।
-अभय ‘निर्भीक’
इस अवसर पर सभागार में विशाल संख्या में साहित्य प्रेमी श्रोतागण उपस्थित रहे। संस्थान के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने भी उपस्थित पूरे मनोयोग से कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम का समापन सभी के द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगान से हुआ।
(डाॅ0 सीमा गुप्ता) महामंत्री





Views Today : 18013
Who's Online : 34