मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों पर लगेगी रोक, CSC संचालकों को दिया गया प्रशिक्षण
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और एक ही मतदाता के नाम की दोहरी प्रविष्टियों की समस्या रोकने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद के समस्त जन सुविधा केंद्र (CSC) संचालकों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी ने की।
प्रशिक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी एवं ईडीएम सौरभ द्विवेदी ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने के लिए ऑनलाइन फार्म-6 भरते समय कई बार मोबाइल नंबर पर रेफरेंस नंबर प्राप्त नहीं होता। ऐसी स्थिति में आवेदक दोबारा आवेदन कर देता है, जिससे मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति की एक से अधिक प्रविष्टियां दर्ज हो जाती हैं।
इस समस्या से बचाव के लिए CSC संचालकों को निर्देश दिया गया कि फार्म-6 भरते समय आवेदक अथवा उसके संबंधित व्यक्ति का वास्तविक एवं सक्रिय मोबाइल नंबर ही दर्ज करें। आवेदन जमा करने से पहले सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें और अंतिम सबमिशन के बाद ई-साइन की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी कराएं। ई-साइन सफल होने के बाद ही आवेदन का रेफरेंस नंबर जनरेट होता है।
अधिकारियों ने बताया कि नेटवर्क की समस्या के कारण मोबाइल पर रेफरेंस नंबर प्राप्त नहीं होने की स्थिति में स्क्रीन पर प्रदर्शित नंबर का स्क्रीनशॉट लेकर अथवा उसे नोट करके आवेदक को उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में उसी नंबर के माध्यम से आवेदन की स्थिति देखी जा सके। किसी भी परिस्थिति में एक ही आवेदक का दोबारा फार्म नहीं भरा जाए।
कार्यशाला में मतदाता पहचान पत्र (EPIC) डाउनलोड करने, मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण देखने तथा निर्वाचन आयोग के पोर्टल और ECINET मोबाइल एप के माध्यम से व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी ने सभी CSC संचालकों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में बताई गई प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने और दोहरी प्रविष्टियों पर रोक लगाने में जन सुविधा केंद्र संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए प्रत्येक आवेदन को पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ भरा जाए।
इस अवसर पर सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड के राहुल सिंह, श्रेई इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड के आशीष तिवारी सहित जनपद के विभिन्न जन सुविधा केंद्रों के संचालक उपस्थित रहे।