बनकटी में आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया छठ महापर्व, सैकड़ों व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र सहित कई गणमान्य लोगों ने मथौली छठ घाट पर पहुंचकर की पूजा-अर्चना, सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बनकटी/बस्ती। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ रविवार को बनकटी क्षेत्र में पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर पंचायत बनकटी के विभिन्न वार्डों में स्थित तालाबों और पोखरों के छठ घाटों पर सुबह से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। शाम को सैकड़ों व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
नगर पंचायत के चंद्रनगर, गांधीनगर, अंबेडकर नगर, कृष्णानगर, शंकरनगर और पटेलनगर वार्डों के छठ घाटों पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। छठ गीतों और पारंपरिक लोकधुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सूप, फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री के साथ घाटों पर पहुंचीं।

विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी चंद्रनगर वार्ड के मथौली पोखरे पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता इं. अरविंद पाल की ओर से छठ पूजा का आयोजन किया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पवन कसौधन, अजय सिंह गौतम, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष गोपेश पाल तथा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामायण रघुनाथ सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने छठी मैया की आरती में भाग लेकर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मथौली छठ घाट पर बनवाया गया आकर्षक सेल्फी प्वाइंट श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। शाम करीब छह बजे पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने यहां सेल्फी लेकर आयोजन की व्यवस्थाओं और सजावट की सराहना की।
मथौली घाट पर बनकटी, सजहरा, देईसांड़, जोगियां, कोइलपुरवा, टिकवाजोत, धुसनाखोर, बसौढ़ी, दतुआखोर और फैलवा समेत दर्जनों गांवों से श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लालगंज पुलिस टीम ने छठ घाटों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
इस अवसर पर विवेकानंद शुक्ल, रविचन्द्र पाण्डेय, सत्येंद्र सिंह भोलू, लाल सिंह, बीना पाल, डॉ. अरुणा पाल, सर्वेश, रमेश अग्रहरी, मोहम्मद वसीम, सुभाष शर्मा, बाबूराम चौधरी, अतुल पाल, दिनेश चौधरी, राधेश्याम पाण्डेय, अमरेश पाल, आशुतोष शुक्ल, साधू शरण, परमात्मा यादव, शशि गोंड़, अनिल पाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।