दीपोत्सव से भाई दूज तक गूंजा बाल विवाह मुक्ति का संदेश, महिलाओं और युवाओं ने ली शपथ

दीपोत्सव से भाई दूज तक गूंजा बाल विवाह मुक्ति का संदेश, महिलाओं और युवाओं ने ली शपथ

 

100 दिवसीय अभियान के तहत अपराजिता सामाजिक समिति की अनूठी पहल, जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का लिया संकल्प

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती । त्योहारों की खुशियों को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (JRC) की सहयोगी संस्था अपराजिता सामाजिक समिति ने दीपावली से लेकर भाई दूज तक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। ‘100 डेज चाइल्ड मैरिज फ्री कैंपेन’ के तहत आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए बस्ती जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की शपथ ली।

 

अभियान के तहत दीपावली की पूर्व संध्या पर संस्था के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान दीप जलाकर बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प लिया गया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे बेटियों की कम उम्र में शादी करने के बजाय उनकी शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य को प्राथमिकता दें।

 

इसी क्रम में भाई दूज के अवसर पर विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाई-बहन के अटूट प्रेम और एक-दूसरे की सुरक्षा के प्रतीक इस पर्व पर उपस्थित महिलाओं, बहनों और भाइयों ने सामूहिक रूप से बाल विवाह रोकने की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे अपने परिवार के साथ-साथ आसपास के समाज में भी इस कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे और बाल विवाह की किसी भी घटना की जानकारी प्रशासन एवं संस्था को देंगे।

 

संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। त्योहारों के माध्यम से दिया गया सामाजिक जागरूकता का संदेश परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचता है। बेटियों को शिक्षा और समान अवसर देकर ही एक सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

 

इस अनूठी पहल की स्थानीय बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों ने सराहना करते हुए बाल विवाह मुक्त समाज बनाने के अभियान में सहयोग का भरोसा दिलाया।