बलिदानियों की स्मृति में 14 स्थानों पर जलेंगे दीप, सनातन धर्म संस्था कर रही आयोजन की अगुवाई

बलिदानियों की स्मृति में 14 स्थानों पर जलेंगे दीप, सनातन धर्म संस्था कर रही आयोजन की अगुवाई

 

पौराणिक एवं ऐतिहासिक स्थलों की साफ-सफाई कर दीप प्रज्वलित करने के साथ वीर शहीदों और महापुरुषों को अर्पित किए जाएंगे श्रद्धासुमन, महाराणा प्रताप चौराहे पर शाम 7 बजे होगा मुख्य दीप प्रज्वलन

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। वीर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र के महान महापुरुषों के बलिदान एवं योगदान को नमन करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘एक दीप बलिदानियों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सनातन धर्म संस्था के अखिलेश दुबे,पंकज त्रिपाठी एवं अशोक श्रीवास्तव की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत जनपद के 14 प्रमुख ऐतिहासिक, पौराणिक एवं स्मृति स्थलों पर साफ-सफाई कर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे तथा देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर बलिदानियों एवं महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।

 

कार्यक्रम के तहत विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता अलग-अलग स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि देंगे। मुख्य रूप से महाराणा प्रताप चौराहा, सिविल लाइन पर शाम 7 बजे दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

 

प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने बताया कि ‘एक दीप बलिदानियों के नाम’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। हमें अपने महापुरुषों, स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान को सदैव याद रखना चाहिए। ऐतिहासिक और स्मृति स्थलों की साफ-सफाई कर वहां दीप जलाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

 

डॉ. संगीता यादव ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों के आदर्शों और बलिदानियों के योगदान से परिचित कराना है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे आयोजनों में सहभागिता करनी चाहिए।

 

योगाचार्य राममोहन पाल ने कहा कि दीप प्रज्वलन भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। शहीदों की स्मृति में जलाया गया प्रत्येक दीप उनके प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है।

 

इन 14 स्थानों पर होंगे कार्यक्रम—

 

1. सुभाष चंद्र बोस तिराहा – नेशनल प्रेस क्लब, बस्ती एवं सामाजिक सेवा संस्था चित्रांश क्लब।

2. महाराणा प्रताप चौराहा, सिविल लाइन – डॉ. नवीन सिंह, योगाचार्य राममोहन पाल एवं डॉ. संगीता यादव।

3. तहसील परिसर स्थित शहीद स्मारक – सुभाष श्रीवास्तव एवं भाजपा महिला अध्यक्ष प्रतिनिधि।

4. कारगिल शौर्य स्तंभ – ओमनी इंटरनेशनल, बस्ती।

5. महात्मा गांधी स्मारक, बीडीए परिसर – राजेश चित्रगुप्त एवं चित्रांश क्लब।

6. आचार्य रामचंद्र शुक्ल स्मारक, बड़ेवन पुल के नीचे – यूनिक साइंस एकेडमी।

7. आचार्य रामचंद्र शुक्ल की प्रतिमा, बड़ेवन गांव – बृजेश सिंह मुन्ना।

8. जीआईसी स्थित मुंशी प्रेमचंद, जिला अस्पताल स्थित डॉ. हैनिमैन एवं टाउन क्लब स्थित आचार्य रामचंद्र शुक्ल स्मारक – डॉ. वीरेंद्र त्रिपाठी।

9. कलेक्ट्रेट के सामने शहीद स्तंभ – राजेंद्रनाथ तिवारी।

10. संत गाडगे स्मारक, पानी की टंकी चौराहा – डॉन वास्को स्कूल।

11. सरदार पटेल स्मारक, अमहट घाट – डॉ. रोहन दूबे एवं टाटा मोटर्स।

12. लाल बहादुर शास्त्री चौक – वैष्णवी दूबे एवं उनकी टीम।

13. डीएम आवास के मोड़ पर आचार्य रामचंद्र शुक्ल स्मारक – वैष्णवी दूबे एवं उनकी टीम।

14. महात्मा कबीर स्मारक, डीआईजी कार्यालय के निकट – वैष्णवी दूबे एवं उनकी टीम।

 

आयोजकों ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस पुनीत आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें और अपने क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं स्मृति स्थलों पर पहुंचकर बलिदानियों को नमन करें। यह अभियान राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और महापुरुषों के प्रति सम्मान का संदेश देगा।