राजन इंटरनेशनल एकेडमी में धनतेरस पर सजी संदेशों की रंगोली, येलो हाउस ने मारी बाजी

राजन इंटरनेशनल एकेडमी में धनतेरस पर सजी संदेशों की रंगोली, येलो हाउस ने मारी बाजी

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। धनतेरस के पावन अवसर पर राजन इंटरनेशनल एकेडमी में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न थीम पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता का शानदार प्रदर्शन किया।

 

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रदूषण की गंभीर समस्या को दर्शाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, संविधान की महत्ता और उसके मूल्यों को रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया। इसके अलावा इंटरनेट और डिजिटल युग से जुड़े विषयों पर भी आकर्षक रंगोलियां बनाकर आधुनिक तकनीक के बढ़ते प्रभाव को दर्शाया। बच्चों की कलाकृतियों में कला के साथ-साथ सामाजिक सरोकार और समसामयिक विषयों की गहरी समझ भी दिखाई दी।

 

इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंध निदेशिका शिखा चतुर्वेदी ने प्रधानाचार्य सानू एंटनी के साथ रंगोलियों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मक सोच और मेहनत की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। शिखा चतुर्वेदी ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और समसामयिक विषयों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

 

प्रधानाचार्य सानू एंटनी ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, कल्पनाशीलता और टीम भावना से रंगोलियों को बेहद आकर्षक बनाया है। वहीं, कार्यकारी निदेशक संजीव पांडेय ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

प्रतियोगिता के परिणामों में येलो हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। ब्लू हाउस और ग्रीन हाउस संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि रेड हाउस ने तृतीय स्थान हासिल किया।

 

कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। रंगोलियों के माध्यम से बच्चों ने संदेश दिया कि कला केवल सौंदर्य की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और सकारात्मक बदलाव लाने का भी प्रभावी माध्यम है।