उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में धूमधाम से मना दीपावली उत्सव, बच्चों ने बनाई आकर्षक रंगोलियां
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग कार्यक्रमों के बीच बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक एवं मनमोहक रंगोलियां बनाईं। रंग-बिरंगी रंगोलियों से विद्यालय परिसर दीपावली के रंगों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली खुशियों, प्रेम, आपसी सद्भाव और प्रकाश का पर्व है। सभी बच्चों को अपने परिवार के साथ प्रेमपूर्वक त्योहार मनाना चाहिए। उन्होंने पटाखों के प्रयोग में सावधानी बरतने और सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने की अपील की। साथ ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शशि प्रभा त्रिपाठी ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने तथा जीवन में सकारात्मकता और प्रेम का संचार करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने बच्चों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।
वहीं प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने बच्चों द्वारा बनाई गई रंगोलियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के रचनात्मक आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें सहयोग, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों की भावना विकसित करते हैं।
इस दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने पूरे उमंग और उल्लास के साथ दीपावली उत्सव में प्रतिभाग किया। अंत में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।