महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। पावन नगरी अयोध्या स्थित प्रसिद्ध श्रृंगी ऋषि धाम में श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ का भव्य आयोजन अत्यंत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ प्रारंभ हुआ। कथा महायज्ञ के पावन अवसर पर राष्ट्रीय कथाव्यास परम पूज्य आचार्य शांतनु महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा की अमूल्य अमृतधारा प्रवाहित हो रही है, जिससे पूरा कथा स्थल भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है। कथा के दौरान व्यासपीठ पर विराजमान पूज्य कथाव्यास को सादर नमन करते हुए मंचस्थ वरिष्ठ संतों ने उपस्थित अपार जनसमूह व श्रद्धालुओं को अपना पावन आशीर्वचन प्रदान किया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य महंत संजय दास महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मानव जीवन के समस्त पापों को नष्ट कर धर्म व भक्ति के मार्ग पर प्रशस्त करता है। इस अवसर पर श्रृंगी ऋषि पीठाधीश्वर महंत हेमंत दास जी महाराज ने भी व्यासपीठ का नमन कर आए हुए सभी संतों, कथाव्यास एवं दूर-दराज से पधारे श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन व स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक अनुष्ठानों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार होता है। कथा के प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भागवत भगवान की आरती उतारी तथा आचार्य शांतनु महाराज के ओजस्वी एवं मधुर प्रवचनों का रसपान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा व व्यवस्था के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।