यूनीक साइंस एकेडमी की अनूठी पहल, हाईस्कूल टॉपर्स को कराया कुशीनगर का निःशुल्क शैक्षिक भ्रमण
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। विद्यार्थियों की प्रतिभा को सम्मान देने और उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक एवं ऐतिहासिक ज्ञान से जोड़ने की दिशा में यूनीक साइंस एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने सराहनीय पहल की है। हाईस्कूल परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विद्यालय के डायरेक्टर संतोष कुमार श्रीवास्तव की ओर से निःशुल्क शैक्षिक भ्रमण पर कुशीनगर भेजा गया। इस पहल का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के साथ उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उनके ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक ज्ञान को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से इस शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली, महापरिनिर्वाण मंदिर सहित कुशीनगर के विभिन्न ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने भगवान बुद्ध के जीवन दर्शन, बौद्ध धर्म के इतिहास और कुशीनगर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। पुस्तकीय ज्ञान को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ने वाली इस यात्रा में बच्चों ने जहां ज्ञानवर्धक जानकारियां हासिल कीं, वहीं मनोरंजन और आपसी मेलजोल का भी भरपूर आनंद उठाया।
विद्यालय के डायरेक्टर संतोष कुमार श्रीवास्तव ने मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क शैक्षिक भ्रमण कराकर यह संदेश दिया कि प्रतिभा का सम्मान और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकता है। विद्यालय परिवार का प्रयास है कि छात्र-छात्राएं केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि देश की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और महापुरुषों के जीवन दर्शन को भी करीब से समझें।
यह शैक्षिक भ्रमण सभी विद्यार्थियों के लिए यादगार, आनंददायक एवं प्रेरणादायक साबित हुआ। इस अवसर पर शिक्षिका शोभा पाण्डेय, संगीता श्रीवास्तव, श्वेता उपाध्याय तथा शिक्षक दुर्गेश कुमार, उद्धव प्रसाद, सुभाष यादव, प्रमोद सिंह, विष्णु स्वरूप, दिलीप श्रीवास्तव, आर.बी. सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक मौजूद रहे।